IRCTC Thailand Tour Package: कम बजट में करें International Trip, 3-Star Hotel के साथ मिलेगा क्रूज डिनर का आनंद

अगर आप भी विदेश घूमने का सपना देख रहे हैं। तो भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन का एक शानदार ट्रिप पैकेज लाया है। थाईलैंड का 4 रात और 5 दिन का टूर पैकेज आपके लिए शानदार ऑप्शन हो सकता है। इस ट्रिप में आपको बैंकॉक और पटाया जैसे फेमस पर्यटन स्थलों को करीब से देखने का मौका मिलेगा। रंगीन नाइटलाइफ, शानदार शॉपिंग, खूबसूरत समुद्र तट और फेमस पर्यटन स्थल आपके ट्रिप को यादगार बना देंगे।

फेमस है थाइलैंड

बता दें कि थाईलैंड अपनी समृद्ध बौद्ध संस्कृति, सफेद रेतीले समुद्र तटों और खूबसूरत द्वीपों के लिए पूरी दुनिया में फेमस है। यहां आने वाले हर पर्यटक को बीच एक्टिविटी करने के साथ पारंपरिक थाई मसाल, लोकल मार्केट और आधुनिक शॉपिंग मॉल एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है। यही कारण है कि भारतीय पर्यटकों के लिए यह देश हमेशा पसंदीदा डेस्टिनेशन बना रहता है।

ट्रिप की शुरूआत

इस टूर पैकेज की शुरूआत 11 अगस्त 2026 से कोलकाता से हो रही है। एयर एशिया की फ्लाइट रात 12:30 बजे कोलकाता से उड़ान भरेगी और सुबह 04:35 मिनट पर बैंकॉक के डॉन मुआंग एयरपोर्ट पहुंचेगी। वहीं वापसी की फ्लाइट 15 अगस्त की रात 10:55 पर बैंकॉक से रवाना होगी और रात 11:59 पर कोलकाता पहुंचेगी। ऐसे में उड़ान से करीब 3 घंटे पहले यानी की 10 अगस्त की रात 09:30 बजे यात्रियों को कोलकाता एयरपोर्ट पर रिपोर्ट करना होगा।

कितना आएगा खर्च

शेयरिंग के हिसाब से पैकेज की कीमत तय की गई है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन के ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक सिंगल शेयरिंग का किराया 55,000 रुपए प्रति व्यक्ति है। वहीं डबल शेयरिंग का किराया 59,500 रुपए और ट्रिपल शेयरिंग का किराया 59,000 रुपए है। बच्चों के लिए बेड और बिना बेड दोनों तरह से किराया 28,050 रुपए है। बुकिंग के दौरान अलग से निर्धारित टीसीएस राशि भी जमा करनी होगी।

पैकेज में क्या-क्या शामिल

इस टूर पैकेज में कोलकाता से बैंकॉक और वापस आने का हवाई किराया, 3 स्टार होटल में स्टे, 5 नाश्ते, 5 लंच और 4 डिनर शामिल हैं। इसके अलावा बैंकॉक में चाओ फ्राया रिवर क्रूज डिनर, हाफ डे सिटी टूर, गोल्डन बुद्धा, सफारी वर्ल्ड और मरीन पार्क और मार्बल बुद्धा मंदिर के दर्शन, स्थानीय टूर गाइड, सी लाइफ बैंकॉक ओशन वर्ल्ड, पटाया का कोरल आइलैंड टूर, जेम्स गैलरी, 5 प्रतिशत जीएसटी और 65 वर्ष तक के यात्रियों के लिए ट्रैवल इंश्योरेंस भी फ्री है।

इन चीजों का खुद उठाना होगा खर्च

वहीं कुछ चीजों का खर्च इस पैकेज में शामिल नहीं है। थाईलैंड पहुंचने पर मिलने वाले वीजा ऑन अराइवल की फीस अलग से देना होगा। यह करीब 2,000 थाई बहत यानी करीब 5500 से 6000 रुपए हो सकती है। वहीं 2% TCS, एयरपोर्ट टैक्स या फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोत्तरी, लॉन्ड्री, अतिरिक्त भोजन, व्यक्तिगत खर्च, ड्राइवर और गाइड को दी जाने वाली टिप्स जैसी सुविधाओं का भुगतान यात्रियों को स्वयं करना होगा।