Travel Tips: सर्दियों में Keoladeo National Park और Chilika Lake में देखें Migratory Birds
- अनन्या मिश्रा

सर्दियों का मौसम आते ही लोग घूमने-फिरने का प्लान बनाते हैं। कोई पहाड़ों पर बर्फबारी देखने जाता है, तो कोई समुद्र किनारे छुट्टियां बिताता है। ऐसे में अगर इस बार आप कुछ अलग प्लान करना चाहती हैं, तो माइग्रेटरी बर्ड्स को करीब से देखने के लिए भी ट्रिप प्लान कर सकती हैं। हर साल ठंड के मौसम में साइबेरिया, मध्य एशिया और यूरोप के कई इलाकों से लंबी दूरी तय करके पक्षी पहुंचते हैं। यहां की झीलें वेटलैंड और बर्ड सेंचुरी इन पक्षियों का ठिकाना बन जाते हैं। ऐसे में आप भी सर्दियों के मौसम में भारत की इन खूबसूरत जगहों पर घूमने का प्लान कर सकती हैं।
माइग्रेटरी बर्ड्स का अनुभव
सोचिए आप सुबह के समय किसी शांत झील के किनारे खड़े हैं और पानी के ऊपर रंग-बिरंगे पक्षियों का झुंड नजर आ रहा है। तो यह नजारा कितना शानदार हो सकता है। कहीं पर बत्तखों की कतारें तो कहीं फ्लेमिंगो और दूसरे प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट सुनाई दे रही है। बता दें कि भारत की कई झीलें और बर्ड सेंचुरी सर्दियों में ऐसा ही नजारा पेश करते हैं। इन जगहों पर जाने के लिए आपको किसी खास बर्डवॉचर होने की जरूरत नहीं है। फोटोग्राफी के शौकीन, प्रकृति से प्यार करने वाले लोग और परिवार के साथ सुकून भरी छुट्टियां बिताने वाले लोग यहां पर जा सकते हैं।
केवलादेव नेशनल पार्क, राजस्थान
राजस्थान के भरतपुर में केवलादेव नेशनल पार्क स्थित है। जोकि देश के प्रमुख बर्ड सेंचुरी में गिना जाता है। यूनेस्को की विश्व धरोहर लिस्ट में यह पार्क शामिल है। सर्दियों में पक्षियों को देखने के लिए यह खास पहचान रखता है। यहां के वेटलैंड, घास के मैदान और पेड़ों से घिरे रास्ते अलग-अलग प्रजातियों के पक्षियों बेहतर वातावरण देते हैं। सर्दी के मौसम में यहां पर कई तरह के हंस, पेलिकन, माइग्रेटिड बत्तखें और दूसरे जलपक्षी देखने को मिलते हैं। इस इलाके में बार-हेडेड गूज और कई तरह के पक्षी भी दिखते हैं। अगर आप भी बर्ड फोटोग्राफी के शौकीन हैं, तो यह जगह खास आपके लिए है। यहां पर जाने के लिए नवंबर से फरवरी का समय अच्छा होता है।
चिल्का झील, ओडिशा
अगर आप भी हरियाली, पानी और हजारों पक्षियों को एक साथ देखने का एक्सपीरियंस करना चाहते हैं, तो ओडिशा की चिल्का झील एक्सप्लोर करने जा सकती हैं। यह एशिया की सबसे बड़ी खारे और मीठे पानी का मिश्रण वाली लैगून झील है। यहां पर सर्दियों में दूर-दराज से बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। चिल्का के उत्तरी हिस्से में स्थित मंगलाजोड़ी पक्षियों को देखने का मौका मिल सकता है। यहां पर स्थानीय नाविकों की सहायता से वेटलैंड के आसपास के पक्षियों को देख सकते हैं। नवंबर से फरवरी के बीच का समय यहां जाने के लिए बेस्ट है।
सुल्तानपुर नेशनल पार्क, हरियाणा
आप हरियाणा का सुल्तानपुर नेशनल पार्क अच्छा ऑप्शन है। गुरुग्राम के पास स्थित यह पार्क सर्दियों में स्थानीय और प्रवासी पक्षियों का ठिकाना होता है। यहां सर्दियों में यूरेशियन विजन, कॉमन टील, नॉर्दर्न पिनटेल और बार-हेडेड गूज जैसी प्रजातियां देख सकती हैं। कुछ मौसमों में ग्रेटर फ्लेमिंगो भी दिखते हैं। यहां सुबह के समय जाना सही रहता है। क्योंकि इस दौरान पक्षियों को भोजन तलाशते और पानी के आसपास सक्रिय रहते देखने का मौका मिलता है। अगर आप पहली बार बर्डवॉचिंग कर रहे हैं, तो यह जगह शुरूआत करने के लिए भी सही है। नवंबर से फरवरी तक का समय प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए अच्छा माना जाता है।
नलसरोवर बर्ड सेंचुरी, गुजरात
गुजरात के अहमदाबाद से करीब 60 किलोमीटर दूर नलसरोवर पक्षी अभयारण्य स्थित है। यहां पर सर्दियों में अलग-अलग प्रजातियों के पक्षियों को देख सकते हैं। यहां की दलदली जमीन, फैली झील और छोटे-छोटे टापू पक्षियों को रहने के साथ-साथ भोजन तलाशने की अनुकूल जगह देते हैं। सर्दियों में पेलिकन, बत्तखें, फ्लेमिंगो, सारस और कई तरह के जलपक्षी देख सकते हैं। झील में नाव की सवारी करना भी पर्यटकों के बीच काफी फेमस है। नाव से प्राकृतिक नजारों को देखने और दूर पानी में मौजूद पक्षियों को निहारने का अनुभव लिया जा सकता है। यहां पर आप नवंबर से फरवरी के बीच जा सकते हैं।
वेदांतंगल बर्ड सेंचुरी, तमिलनाडु
तमिलनाडु में स्थित वेदांतंगल बर्ड सेंचुरी भारत के पुराने पक्षी अभ्यारण्यों में से एक है। चेन्नई के आसपास यात्रा करने वाले लोग यहां पर घूमने के लिए जा सकते हैं। यह जगह अपने वेटलैंड और पानी के आसपास मौजूद पेड़ों के लिए फेमस है। यहां पर बड़ी संख्या में पक्षियों का बसेरा है और यहां पर एग्रेट, कॉर्मोरेंट, बगुले और स्टॉर्क जैसी प्रजातियों को देख सकते हैं। हालांकि मौसम और पानी की कमी के आधार पर पक्षियों की संख्या में बदलाव हो सकता है। सर्दियों में आप यहां पर पक्षियों को उड़ते हुए, पेड़ों पर बैठे और पानी के आसपास खाना तलाशते देख सकते हैं। तमिलनाडु की वेदांतंगल बर्ड सेंचुरी घूमने के लिए ठंड का मौसम अच्छा हो सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
सुबह के समय पक्षियों की एक्टिविटी को देखने का अच्छा मौका मिल सकता है। इसलिए सुबह जल्दी पहुंचें और पार्क खुलने का समय जरूर पता करें।
कई पक्षी दूर पेड़ों पर या पानी में बैठे होते हैं। ऐसे में अगर आपके पास दूरबीन होगी तो आपको इनको अच्छे से देख सकेंगे।
पक्षियों की प्रजातियों, उनके व्यवहार और सेंचुरी के खास हिस्सों के बारे में जानने के लिए गाइड की मदद ले सकते हैं।
हर साल पक्षियों की संख्या एक जैसी नहीं होती है। पानी के लेवल, मौसम और बारिश के हिसाब से पक्षियों की मौजूदगी बदल सकती है।