Budget Foreign Trip : सस्ते में विदेश घूमने का हो मन, तो ये कुछ देश हो जायेंगे आपके बजट में फिट

दुनिया में हर इंसान चाहता है कि उसे भी विभिन्न देशों में घूमने का मौका मिले। हालांकि बहुत सारे लोग अपने कम बजट की वजह से इस चाहत को पूरा नहीं कर पाते। घूमने का शौक रखने वाले भारतीय, विदेश की यात्रा जरूर करने की इच्छा रखते हैं। अधिकतर युवा विदेश जाना चाहते हैं। जब किसी फिल्म या सोशल मीडिया पर वह किसी विदेशी जगह की तस्वीरें या वीडियो देखते हैं तो मन ही मन उस जगह जाने का ख्वाब सजाने लगते हैं। लेकिन भारत के पर्यटन स्थलों का भ्रमण और विदेश की यात्रा में थोड़ा अंतर है। पहला तो खर्च है। दूसरे देशों में सफर करने पर अधिक खर्च करना पड़ सकता है। ऐसे में अगर आप विदेश जाने की इच्छा रखते हैं तो उन देशों की यात्रा करें जो घूमने के लिहाज से सस्ते हैं। दुनिया के कई देश हैं जो अपने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सस्ते ट्रैवल पैकेज देते हैं। आप इन देशों की यात्रा अपने बजट में कर सकते हैं। 
1. हिमायल की गोद में नेपाल (Nepal)
भारत की सीमा से सटा हुआ देश नेपाल कम समय में सस्ते सफर के लिए बेहतर डेस्टिनेशन है। ज्यादा दिन की ट्रिप प्लान नहीं करना चाहते हैं तो नेपाल जा सकते हैं। दिल्ली से काठमांडू के लिए आपको फ्लाइट मिल जाएगी जो कि डेढ़ घंटे में आपको नेपाल पहुंचा देगी। दिल्ली से काठमांडू तक फ्लाइट से आने-जाने का किराया 11 हजार रुपये में हो जाता है। यहां के लिए कई बस सेवाएं भी हैं। खास बात यह है कि नेपाल में भारतीय रुपये की कीमत ज्यादा है। ऐसे में आप बजट में नेपाल के खूबसूरत मठ, माउंट एवरेस्ट बेस कैंप, मंदिर आदि घूम सकते हैं। वहीं कम पैसों में खरीदारी कर सकते हैं। नेपाल और भारत का सदियों पुराना सामाजिक-सांस्कृतिक रिश्ता है। हिमालय की ऊंची चोटियां, मंदिर-मठ और कल-कल बहती नदियां उसे बेहद खूबसूरत बना देती हैं। अगर आप नेपाल घूमने का प्लान करते हैं तो केवल 300-400 रुपये में रात भर के लिए कमरा आसानी से मिल जाएगा। आप चाहें तो इससे कम राशि में बाई रोड भी नेपाल घूमने जा सकते हैं। लेकिन ऐसा करने से आपको समय ज्यादा लगाना पड़ जाएगा। 
2. सोने की श्रीलंका (Srilanka)
श्रीलंका का वर्णन हिन्दू धर्म ग्रन्थ रामायण में भी पाया जाता है। कहा जाता है कि रामायण काल में श्रीलंका सोने की थी। श्रीलंका हमारा दक्षिण का सबसे निकटवर्ती पड़ोसी है।  हनीमून कपल के लिए श्रीलंका शुरू से ही फेवरिट डेस्टिनेशन रहा है। घूमने के लिए श्रीलंका काफी सस्ता देश है। वहां पर शानदार समुद्री तट, रामायण काल के मंदिर, बौद्ध मठ समेत बहुत सारी घूमने लायक जगहें हैं। सी फूड के शौकीनों के लिए वहां पर पूरी मौज है। वहां पर 600-700 रुपये में आसानी से डोरमेट्रीज बेड मिल जाते हैं। वहीं भारत से श्रीलंका तक आने-जाने का फ्लाइट का टिकट करीब 23 हजार रुपये में हो जाता है। कुल मिलाकर इस खूबसूरत देश की सैर आप 1 लाख रुपये से भी कम राशि में आसानी से कर सकते हैं। आप केरल की ट्रिप से भी कम में श्रीलंका की ट्रिप कर सकते हैं। कम समय में और बजट में आप श्रीलंका जा सकते हैं। भारत का एक रुपया 2.30 श्रीलंकाई रुपये के बराबर है। श्रीलंका दुनिया का सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाले द्वीपों में से एक है।
3. इंडोनेशिया (Indonesia)
इंडोनेशिया मुस्लिम देश होते हुए भी भारतीय संस्कृति से गहरा नाता है। इंडोनेशिया (Indonesia) दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम आबादी वाला देश है। इसके बावजूद भारतीय संस्कृति से उसकी जड़ें गहराई तक जुड़ी हुई हैं। यही कारण है कि बहुत सारे भारतीय अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए इंडोनेशिया की यात्रा पर जाना पसंद करते हैं। वहां पर बाली, जकार्ता और सुमात्रा जैसी जगहें घूमने लायक हैं। दिल्ली से जकार्ता तक का फ्लाइट का आने-जाने का खर्च करीब 25 हजार रुपये और रहने के लिए बजट होस्टल 800 रुपये तक में बुक किए जा सकते हैं। बाली को हिन्दू आइलैंड भी कहा जाता है। 
4. वियतनाम (Vietnam)
वियतनाम (Vietnam) एक बौद्ध धर्म बहुल देश है। वह अपनी हरियाली और मेहमानों की आवभगत के लिए प्रसिद्ध है। भारत से वियतनाम तक आने-जाने का हवाई जहाज का किराया करीब 21 हजार रुपये का पड़ता है लेकिन वहां के लिए फ्लाइट कम हैं। इसलिए आपको करीब 2-3 महीने पहले बुकिंग करानी पड़ेगी। वहां पर करीब 800-900 रुपये में बजट होटल और 600-700 रुपये में डोरमेट्री बेड हासिल कर सकते हैं। वहां पर आपको खाने के लिए रोटी नहीं मिलेगी लेकिन आप चावल-सब्जी या नॉन वेज डिश से काम चला सकते हैं।
5. थाईलैंड (Thailand)
थाईलैंड अपनी खूबसूरत बौद्ध संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। हर साल लाखों पर्यटक थाईलैंड के समुद्री बीच पर हॉलिडे एंज्वॉय करने के लिए पहुंचते हैं। वहां पर क्रॉस जेंडर मसाज सेंटर दुनियाभर के पुरुषों के लिए आकर्षण के खास केंद्र हैं। वहां पर पटाया, बैंकॉक, कोरल आइलैंड, क्राबी, चियांग माई जैसी कई घूमने लायक जगहें हैं। अगर आप भी थाईलैंड जाने का प्लान करते हैं तो 500-600 रुपये में डोरमेट्री बेड या बजट होटल हासिल कर सकते हैं। वहीं केवल 16 हजार रुपये में दिल्ली से बैंकाक तक आने-जाने का फ्लाइट का टिकट हासिल कर सकते हैं। 
6. भूटान (Bhutan)
भूटान (Bhutan) की खूबसूरती और शांत वातावरण पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। यह भारत का सबसे भरोसेमंद और नजदीकी देश है। भूटान में पारो, थिम्पू वैली, ताकिन जू और फोक हेरिटेज म्यूजियम समेत घूमने के लिए बहुत सारी जगहें है। आप वहां पर केवल 500-700 रुपये में रहने के लिए गेस्ट हाउस हासिल कर सकते हैं। वहीं दिल्ली से भूटान का राउंड ट्रिप एयर टिकट भी आप बड़े आराम से 10 हजार में हासिल कर सकते हैं। यहां का खान-पान भी बहुत सस्ता है।
7. मलेशिया
मात्र चार घंटे की उड़ान में आप भारत से मलेशिया पहुंच सकते हैं। यहां काफी पर्यटक आते हैं। कुआलालंपुर मलेशिया का प्रमुख पर्यटन स्थल है। आप यहां स्काई स्क्रेप्स कर सकते हैं। मलेशिया में देखने लायक गुफाएं और बुकिट बिटांग जैसे मार्कट हैं। आप बजट में यहां के पर्यटन स्थलों को घूम सकते हैं।