अब महज चार घंटे में तय कर सकेंगे दिल्ली से गोल्डन टेंपल की दूरी, और साढ़े छह घंटे में पहुंचेंगे दिल्ली से वैष्णो देवी

दिल्ली से गोल्डन टेम्पल जाने में अभी कम से कम आठ घंटे का समय लगता है। लेकिन जल्द ही आप सड़क के रास्ते सिर्फ चार घंटे में दिल्ली से अमृतसर पहुँच सकेंगे। इसी के साथ माता वैष्णोदेवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी एक खुशखबरी है। हाल ही में दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस कॉरिडोर के निर्माण का काम शुरू हो गया है। यह काम अगले तीन साल यानि 2023 तक पूरा हो जाएगा। जहाँ अभी दिल्ली से कटरा पहुँचने मैं 12 घंटे से अधिक समय लगता है, वहीं दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे कॉरिडोर बनने से श्रद्धालु दिल्ली से माता वैष्णो देवी के दरबार सड़क के रास्ते सिर्फ साढ़े छह घंटे में पहुंच सकेंगे। 

आपको बता दें कि कोरोना महामारी के चलते  वैष्णो देवी माता का दरबार भक्तों के लिए काफी समय से बंद था। लेकिन हाल ही में 16 अगस्त को इसे खोल दिया गया है। आज के समय में माता वैष्णो देवी दरबार पहुंचने के लिए रेल और हवाई सेवाएं हैं। इसके अलावा दिल्ली से कटरा के लिए निजी बसें भी चल रही हैं लेकिन उससे कटरा पहुंचने में 15 घंटे से अधिक समय लगता है। 

केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ। जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी 
इस बात की जानकारी केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ। जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में श्रद्धालुओं को माता वैष्णो देवी दरबार पहुँचने में 12 घंटे से अधिक का समय लगता है, लेकिन दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे कॉरिडोर बनने बाद श्रद्धालु सड़क के रास्ते साढ़े छह घंटे में कटरा पहुंच सकेंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रस्ताव पास कर दिया गया है और काम भी शरू हो गया है।  दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे कॉरिडोर का काम 2023 तक पूरा हो जाएगा। डॉ जितेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद लोग ट्रेन या हवाई यात्रा करने के बजाय सड़क से यात्रा करना ज्यादा पसंद करेंगे। हाल ही में डॉ। जितेंद्र सिंह ने ट्विटर पर एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें दिल्ली-कटरा एक्सप्रेवे कॉरिडोर का निर्माण होता नज़र आ रहा है। खबरों के मुताबिक दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट की लागत लगभग 35 हजार करोड़ रुपये है। 

कई धार्मिक स्थलों से गुजरेगा दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे 
दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस कॉरिडोर दिल्ली और आस-पास के इलाकों से माता वैष्णोदेवी जाने वालों के लिए कटरा और अमृतसर को भी जोड़ेगा। इससे माता वैष्णों देवी जाने वाले श्रद्धालु गोल्डन टेम्पल के भी दर्शन कर सकेंगे। इसके साथ ही यह कॉरिडोर कई अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों से होकर गुजरेगा। यह एक्सप्रेसवे जम्मू, कठुआ, अमृतसर, जालंधर, कपूरथला और लुधियाना से होकर गुजरेगा।