पर्यटकों के लिए खुल गया है मालदीव, घूमने जाने से पहले जान लें गाइडलाइन्स और बजट

मालदीव दुनिया की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। मालदीव हिंद महासागर में स्थित एक द्वीप देश है। भारत से दूरी कम होने के कारण हर साल लाखों लोग मालदीव घूमने जाते हैं। लेकिन इस साल कोरोना संक्रमण के चलते अन्य देशों की तरह मालदीव को भी मार्च महीने में पर्टकों के लिए बंद कर दिया गया था। लेकिन अब मालदीव के पर्यटन मंत्रालय की तरफ से पर्यटकों को मालदीव घूमने की अनुमति दे दी गई है। मालदीव में भारतीय पर्यटकों के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा भी उपलब्ध है जिसकी वजह से भारतीय पर्यटकों के बीच मालदीव बहुत लोकप्रिय है। यहाँ 1190 कोरल आइलैंड हैं जहाँ आप वाटर स्पोर्ट्स का मज़ा ले सकते हैं। आप भी बीच घूमने के शौक़ीन हैं तो मालदीव जाने का प्लान बना सकते हैं। 

पर्यटकों के लिए खुल चुका है मालदीव   
कोरोना महामारी के चलते मार्च महीने में मालदीव को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था। पर्यटन बंद होने के कारण मालदीव की अर्थव्यवस्था को काफी लेकिन जुलाई महीने में द्वीप, रिजॉर्ट, होटल और रेस्टॉरेंट से प्रतिबंध हटा दिया गया था। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मालदीव घूमने जा रहे पर्टकों के लिए कुछ गाइडलाइन्स जारी की गई है। मालदीव के पर्यटन मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए दिशानिर्देशों के अनुसार पर्यटकों को वेलना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुँचने पर अपनी कोविड 19 की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य है। आपको बता दें कि गाइडलाइन्स के मुताबिक यात्रियों को यह टेस्ट यात्रा शुरू करने से 72 घंटों के भीतर करवाना होगा। इसके आलावा पर्यटकों को हवाई यात्रा के दौरान, एयर पोर्ट और पर्यटन स्थलों पर मास्क पहनना और सोशल डिस्टैन्सिंग का पालन करना अनिवार्य होगा।  
  

इसे भी पढ़ें: पहाड़ों और हरे भरे जंगलों से घिरा खूबसूरत स्थान जीभी, कपल्स और फैमिली ट्रिप के लिए हैं शानदार

 
मालदीव की सबसे खूबसूरत जगहें 
मालदीव में 100 से भी अधिक आइलैंड रिसॉर्ट हैं। यहाँ समुद्री तट पर फैली सफेद रेत की चादर, समुद्र का नीला पानी और शानदार मौसम आपको इस जगह से प्यार करने पर मजबूर कर देगा। मालदीव में माले एटॉल, सन आईलैंड, बनाना रीफ, अलीमाथा आईलैंड, बायलोमिनेसेंट बीच, आर्टिफिशियल बीच और बारूस आईलैंड बहुत लोकप्रिय हैं। मालदीव में आप स्कूबा डाइविंग, कयाकिंग, स्नोर्कलिंग और नाईट फिशिंग जैसे वाटर स्पोर्ट्स का मजा ले सकते हैं। मालदीव में लगभग 105 आइलैंड रिसॉर्ट्स हैं जो सब तरह की सुख-सुविधाओं से लेस हैं। आप अपने बजट के हिसाब से मालदीव में ठहरने के लिए रिसॉर्ट का चुनाव कर सकते हैं। 
इसके अलावा आप मालदीव में घूमने-फिरने और शॉपिंग करने के लिए मजिधि मागु, नेशनल म्यूजियम, ग्रैंड फ्राइडे मॉस्क्यू, प्रेसीडेंशियल पैलेस, चीन-मालदीव फ्रेंडशिप ब्रिज और नेशनल आर्ट गैलरी आदि देखने जा सकते हैं। 

मालदीव में घूमने-ठहरने का खर्चा 
मालदीव में 3 दिन की ट्रिप का खर्चा 40-60 हजार के बीच आता है। दिल्ली-माले की सीधी फ्लाइट आपको 20-25 हजार तक की मिल जाएगी। अगर आप गेस्ट हाउस में ठहर रहे हैं तो आप 2500 से 3000 रुपये प्रति रात के हिसाब से रुक सकते हैं। वहीं, अगर आप किसी थ्री-स्टार होटल में रुक रहे हैं प्रति रात के हिसाब 10 हजार रूपए खर्च करने होंगे।