Arunachal Pradesh Statehood Day: अरुणाचल प्रदेश की यह जगहें हैं बेहद खूबसूरत, नेचर लवर्स के लिए हैं जन्नत

  • अनन्या मिश्रा

Arunachal Pradesh Statehood Day: अरुणाचल प्रदेश की यह जगहें हैं बेहद खूबसूरत, नेचर लवर्स के लिए हैं जन्नत
अरुणाचल प्रदेश भारत के सबसे खूबसूरत राज्यों में से एक है। इस राज्य में संस्कृति से लेकर खानपान और मौसम हर एक चीज में अलग है। अरुणाचल प्रदेश को पूरब का सूर्योदय भी कहा जाता है। गर्मियों में यहां पर घूमने का सबसे बेस्ट सीजन माना जाता है। घूमने-फिरने के लिहाज से यह काफी शानदार जगह है। ऐसे में अगर आप भी अरुणाचल प्रदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको इन जगहों की सैर बिलकुल भी मिस नहीं करना चाहिए।

रोइंग
रोइंग को इस प्रदेश की जान कहा जाता है। बर्फ से ढके पहाड़, झील व झरने और साफ-सुथरी नदियां इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं। फरवरी महीने में यहां एक फेस्टिवल का आयोजन भी होता है। जो काफी रोमांचक होता है। इस फेस्टिवल को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। अरुणाचल प्रदेश के दिबांग घाटी में रोइंग स्थित है। नेचर लवर्स से लेकर एडवेंचर तक के लिए रोइंग एक बेहतरीन जगह है।

चांगलांग
प्रदेश के चांगलांग को अपनी बेहद नायाब खूबसूरती के लिए जाना जाता है। अरुणाचल की यह जगह खास संस्कृति और परंपराओं को समेटे हुए है। राज्य की राजधानी ईंटानगर से चांगलांग की दूरी 307 किमी है। समुद्र तल से 200 मीटर से 4,500 मीटर की ऊंचाई तक चांगलांग स्थित है। यह जगह फोटोग्राफी के लिए भी काफी अच्छी है।

मेचुका वैली
अरुणाचल प्रदेश में मेचुका वैली बेहद शानदार हिल स्टेशन है। मेचुका वैली शि-योमी जिले में बसी है। यह समुद्रतल से लगभग 6000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। अगर आप नेचर लवर्स हैं, तो यह जगह आपको निराश नहीं करेगी। अरुणाचल की रंग-बिरंगी संस्कृति को करीब से देखने के लिए इस जगह को एक्सप्लोर करना चाहिए। इसको मिनी स्विटजरलैंड भी कहा जाता है। यहां पर आप गुरु नानक तपोस्थान और गुरुद्वारा, न्यू गोम्पा, दोर्जिलिंग गांव, हनुमान पॉइंट, मेचुका बस्ती, सैमटेन योंगचा मठ (पुराना गोम्पा) जरूर देखें।

जीरो वैली
अरुणाचल प्रदेश लोअर सुबानसिरी जिले में समुद्रतल से लगभग 5500 फुट की ऊंचाई पर स्थित जीरो वैली बेहद खूबसूरत स्थान है। यहां पर हरे-भरे बांस के जंगल, दूर-दूर तक फैले हरे घास के मैदान और ऊपर साफ-नीला आसमान आपकी ट्रिप को यादगार बना देगा। यह वैली खास तरह की खेती और समृद्ध वन्यजीव के लिए फेमस है। यहां आने के बाद आप टैली वैली वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी, कार्दो हिल्स और शिव लिंगम को जरूर देखना चाहिए।