Travel Tips: Pushkar Fair से Kite Festival तक, सर्दियों में घूमें देश के 4 बड़े सांस्कृतिक उत्सव

  • अनन्या मिश्रा

Travel Tips: Pushkar Fair से Kite Festival तक, सर्दियों में घूमें देश के 4 बड़े सांस्कृतिक उत्सव

घूमने-फिरने का असली मजा सर्दियों के मौसम में आता है। भारत में नवंबर से फरवरी के बीच हर ओर तरफ अलग-अलग रौनक देखने को मिलती है। कहीं रेगिस्तान में ऊंटों का मेला लगता है, तो कहीं पर आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से भर जाता है। अगर आप भी इस बार सर्दियों की छुट्टियों में सिर्फ पुरानी इमारतें देखने की जगह कुछ अलग और खास एक्सपीरियंस करना चाहती हैं। तो आपको एक नया ट्रैवल प्लान बनाना चाहिए।

दरअसल, सर्दियों में भारत के अलग-अलग राज्यों में कई बड़े फेस्टिवल्स होते हैं। जहां पर आप स्थानीय लोगों का रहन-सहन, खाना-पीना, संस्कृति और परंपराओं को देख और समझ सकती हैं। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको 4 ऐसे शानदार फेस्टिवल डेस्टिनेशंस के बारे में बताने जा रहे हैं। जहां पर कम से कम एक बार आपको जरूर जाना चाहिए।

पुष्कर कैमल फेयर, राजस्थान

हर साल राजस्थान के पुष्कर में अक्टूबर-नवंबर के दौरान 5 दिनों का पुष्कर मेला लगता है। यह दुनिया के सबसे बड़े मवेशी मेलों में से एक है। यहां पर आरको लोक संगीत, रंग-बिरंगे बाजार और राजस्थानी संस्कृति का खूबसूरत रूप देखने को मिलेगा।

इस मेले में सिर्फ जानवर खरीदे या बेचे नहीं जाते हैं, बल्कि सबसे लंबी मूंछें दिखाने, मटका फोड़ने और दुल्हन की तरह सजने जैसे कई मजेदार कॉम्पिटिशन होते हैं। यहां तक कि लोकल पुष्कर क्लब और विदेश से आए विदेशी पर्यटकों के बीच फुटबॉल मैच खेला जाता है। ऐसे में अगर आप भी यहां पर घूमने जा रही हैं, तो ब्रह्मा मंदिर और पुष्कर झील जरूर देखने जाएं।

जानिए कब जाएं

पुष्कर मेला 17 से 24 नवंबर 2026 के बीच होने जा रहा है।

इस मेले की जगह के पास रुकें और सुबह-सुबह के समय घूमने निकलें और उस समय फोटो भी अच्छी आती है और रौनक भी देखने लायक होती है।

कोणार्क डांस फेस्टिवल, ओडिशा

साल 1986 में गुरु गंगाधर प्रधान ने कोणार्क डांस फेस्टिवल की शुरुआत की थी। जोकि भारत के सबसे बड़े क्लासिकल डांस फेस्टिवल्स में से एक होता है। ओडिशा टूरिज्म की ओर से होने वाले इस 5 दिनों के इवेंट में देशभर में बेस्ट डांसर्स हिस्सा लेते हैं। यहां पर आपको कोणार्क सूर्य मंदिर के सामने स्टेज पर ओडिसी, कत्थक, कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम, मोहिनीअट्टम और मणिपुरी जैसे शानदार डांस शो देखने का मौका मिलेगा।

इसके अलावा शाम को डांस परफॉर्मेंस देखने के अलावा दिन में सूर्य मंदिर देख सकती हैं। इसके साथ ही चंद्रभागा बीच पर इंटरनेशनल सैंज आर्ट फेस्टिवल भी लगता है और आप भी वहां पर जा सकती हैं।

जानिए कब जाएं

बता दें कि 01 से 05 दिसंबर 2026 तक यह फेस्टिवल चलेगा। साल 2027 की डेट्स के लिए ओडिशा टूरिज्म की वेबसाइट चेक कर सकती हैं।

कोणार्क के पास भुवनेश्वर एयरपोर्ट है, जोकि करीब 65 किमी दूर है। आप कोणार्क के अलावा पुरी और भुवनेश्वरी घूमने का प्लान कर सकती हैं।

जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल, राजस्थान

अगर आपको भी नई-नई किताबों को पढ़ने और नई-नई बातों को जानना पसंद है। तो आपको जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में जाना चाहिए। जयपुर का यह फेमस फेस्टिवल के दौरान इस शहर को दुनिया भर के कवियों, लेखकों, पत्रकारों और इतिहासकारों का ठिकाना बना देता है। यहां पर इतिहास, साइंस, राजनीति और समाज से जुड़े ढेरों टॉपिक्स पर बातचीत होती है। आप सुबह के समय किसी राइटर की बातों को सुन सकती हैं और दोपहर में किसी टेक्नोलॉजी की ड‍िबेट में शामिल हो सकती हैं।

इसके अलावा आप यहां पर किताबों की दुकानों पर घूमने के साथ-साथ नए-नए लोगों से बातचीत कर सकती हैं। इसके साथ ही जयपुर के मार्केट एक्सप्लोर कर सकती हैं। वहीं जयपुर के जायके का स्वाद लेना न भूलें।

जानिए कब जाएं

जयपुर में 14 स 18 जनवरी 2027 के बीच यह फेस्टिवल होगा।

यहां पर जाने से पहले पूरा प्रोग्राम चेक करने के साथ अपना रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं। अधिक भीड़ से बचने के लिए दो सेशंस के बीच थोड़ा गैप रखें। जिससे कि आप आराम से घूम सकें।

अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव और मकर संक्रांति, गुजरात

मकर संक्रांति को गुजरात में उत्तरायण कहा जाता है। इस दौरान पूरा गुजरात अपनी-अपनी छतों पर होता है और चारों ओर पतंगबाजी की धूम रहती है। अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर इंटरनेशनल काइट फेस्टिवल भी मनाया जाता है। जिसमें दुनियाभर से लोग अपनी-अपनी खूबसूरत पतंगों के साथ पहुंचते हैं। यहां पर आसमान में उड़ती रंग-बिरंगी पतंगों के अलावा खाना भी जबरदस्त होता है। गुड़-तिल की मिठाइयां, उंधियू, चिक्की और गरमा-गरम जलेबी इस त्योहार के उत्साह को दोगुना कर देती हैं।

जानिए कब जाएं

साबरमती रिवरफ्रंट पर 10 से 14 जनवरी 2027 के बीच यह फेस्टिवल चलेगा।

इस फेस्टिवल में शामिल होने के लिए और अहमदाबाद में रुकने के लिए पहले से बुकिंग करके रखें। धूप से बचने के लिए टोपी पहनें। इसके अलावा कांच वाले मांझे से दूर रहें, जिससे के चोट न लगे।

इन बातों का रखें खास ध्‍यान

फेस्टिव सीजन के दौरान शहरों में होटल और टिकट काफी महंगे हो जाते हैं। इसलिए बुकिंग पहले से करवा लेनी चाहिए।

हर एक जगह का अपना स्वाद होता है, जैसे गुजरात का उंधियू, जयपुर की कचौड़ी आदि, इसलिए लोकल फूड चखना न भूलें।

आप जहां भी घूमने जा रहे हैं, वहां के लोकल लोगों से बातचीत करें और त्योहारों की दिलचस्प कहानियों को सुनें और समझें।