देश के 7 सबसे भूतिया रेलवे स्टेशन जिनके बारे में सुनकर ही आपकी रूह काँप उठेगी

बचपन में भूत-प्रेतों के किस्से-कहानियाँ तो हम सबने जरूर सुने होंगे। कई लोग भूत-प्रेतों में विश्वास करते हैं तो कई लोगों को यह सब झूठ या मज़ाक लगता है। लेकिन हमारे देश में ऐसी कई जगहें हैं जिनके बारे में कहा जाता है कि वहां भूत रहते हैं। भारत में ऐसे कई रेलवे स्टेशन हैं जिन्हें भूतहा माना जाता है और यहाँ जाने से भी लोग डरते हैं। आज के इस लेख में हम आपको भारत के सबसे डरावने और भूतिया रेलवे स्टेशन के बारे में बताने जा रहे हैं -
 
पश्चिम बंगाल का बेगुनकोडोर स्टेशन
 देश के सबसे भूतिया रेलवे स्टेशन में से एक है पश्चिम बंगाल का बेगुनकोडोर स्टेशन। लोगों का कहना है कि यहाँ एक औरत की आत्मा भटकती है जो स्टेशन के अंदर जाने वाले किसी भी आदमी को ज़िंदा नहीं छोड़ती है। लोगों को उस आत्मा का इतना खौफ है कि यह स्टेशन पिछले 42 साल से बंद पड़ा है।
 
यूपी का नैनी स्टेशन
उत्तर प्रदेश के नैनी जेल के पास बने हुए नैनी स्टेशन को भी भूतिया माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस जेल में स्वतंत्रता सेनानियों को बेरहमी से मार दिया जाता था। लोगों का मानना है कि रात में उन्हीं स्वतंत्रता सैनानियों की आत्माएं स्टेशन पर भटकती हैं।
 
कोलकाता का रबिन्द्र सरोबर मेट्रो स्टेशन
कोलकाता का रबिन्द्र सरोबर मेट्रो स्टेशन देश के सबसे डरावने और भूतिया रेलवे स्टेशनों में से एक है। माना जाता है कि कई सालों पहले इस स्टेशन पर एक लड़की ने ट्रैक पर कूद कर अपनी जान दे दी थी जिसके बाद से उसकी आत्मा यहाँ भटकती है। यहाँ के स्थानीय लोगों का मानना है कि रात के 10 बजे के बाद उस लड़की की आत्मा यहाँ भटकती है। इस स्टेशन से गुजर रही आखिरी मेट्रो से सफर कर रहे कई लोगों ने अजीब-अजीब आवाज़ें सुनाई देने की बात भी कही है।  

शिमला का बरोग स्टेशन
शिमला के बरोग स्टेशन के भूतहा होने के बारे में कई किस्से मशहूर हैं। माना जाता है कि बरोग स्टेशन के पास बनी टनल को बनाने वाले इंजीनियर ने यहाँ खुद को गोली मार ली थी। लोगों का मानना है कि आज भी उसकी आत्मा यहाँ भटकती है।

पंजाब का लुधियाना स्टेशन
कई लोगों का मानना है कि स्टेशन भी भूतिया है। इस स्टेशन के भूतिया होने को लेकर एक किस्सा मशहूर है। लोगों के मुताबिक इस स्टेशन के एक कमरे में एक रेलवे कर्मचारी ने आत्महत्या कर ली थी। कई लोगों ने दावा किया है कि आज भी उस कमरे में उस कर्मचारी की आत्मा मौजूद है और उन्होंने उसे महसूस भी  किया है।

दिल्ली का द्वारका सेक्टर 9 मेट्रो स्टेशन
दिल्ली के द्वारका सेक्टर 9 स्टेशन के भूतिया होने को लेकर भी कई किस्से-कहानियां मशहूर हैं। स्थानीय लोगों का  मानना है कि यहाँ पर एक औरत की आत्मा का वास है। कई लोगों ने रात के समय सफेद साड़ी में एक औरत को देखने का दावा भी किया है। लोगों के मुताबिक वह आत्मा आने-जाने वाली गाड़ियों का पीछा करती है।

आंध्र प्रदेश का चित्तूर रेलवे स्टेशन
आंध्र प्रदेश के चित्तूर रेलवे स्टेशन को भी भूतहा माना जाता है। लोगों का मानना है कि यहाँ पर सीआरपीएफ अधिकारी हरि सिंह की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी जिसके बाद से उसकी आत्मा न्याय के लिए स्टेशन पर भटकती है।