विदेश में स्थित हैं ये भव्य हिंदू मंदिर, दुनियाभर से लोग यहाँ करने आते हैं दर्शन, जानें इनके बारे में

भारत के हर राज्य में कई हिन्दू देवी-देवताओं के प्राचीन मंदिर हैं। देश के हर गली-मोहल्ले में भी आपको एक मंदिर जरूर मिल जाएगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ना केवल देश में, बल्कि विदेशों में भी कई हिंदू देवी-देवताओं के मंदिर हैं। ये सभी मंदिर दुनियाभर में बहुत प्रसिद्ध हैं और दुनिया के कोने-कोने से लोग यहाँ दर्शन के लिए आते हैं। आज हम आपको विदेश में स्थित मंदिरों के बारे में बताएंगे -      

मुरुगन टेंपल, ऑस्ट्रेलिया
यह मंदिर ऑस्ट्रेलिया की राजधानी सिडनी में स्थित है। भगवान मुरुगन का यह भव्‍य मंदिर न्यू साउथ वेल्स के पहाड़ों पर स्थित है क्‍योंकि भगवान मुरुगन को पहाड़ों का देवता है माना जाता है। इस मंदिर के प्रति सिडनी में रहने वाले हिन्दू धर्म के लोगों के मन में बहुत आस्था है। 

मुन्नेश्वरम मंदिर, श्रीलंका
श्रीलंका के मुन्नेश्वर गाँव में स्थित मुन्नेश्वरम मंदिर के प्रति लोगों में बहुत आस्था है। इस मंदिर परिसर में 5 मंदिर हैं जिनमें भगवान शिव और देवी काली का भी मंदिर है। मान्यताओं के अनुसार इस मंदिर का संबंध रामायण काल से है। ऐसा माना जाता है कि भगवान राम ने रावण का वध करने के बाद इसी जगह पर भगवान शिव की आराधना की थी। यह मंदिर यहाँ के स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच बहुत लोकप्रिय है

सागर शिव मंदिर, मॉरिशस
मॉरिशस में स्थित सागर शिव मंदिर हिन्दुओं का एक पवित्र धार्मिक स्थल है। इस मंदिर का निर्माण साल 2007 में किया गया था। इस मंदिर में भगवान शिव की 108 फीट ऊंची कांसे की प्रतिमा स्‍थापित है। यहाँ के स्थानीय लोगों में इस मंदिर के प्रति बहुत आस्था है। हर साल लाखों पर्यटक इस मंदिर में भगवान शिव का दर्शन करने आते हैं।  

पशुपतिनाथ मंदिर, नेपाल 
नेपाल का पशुपतिनाथ मंदिर दुनिया से कुछ सबसे प्राचीन हिन्दू मंदिरों में से एक है। यह मंदिर काठमांडू में बागमति नदी के किनारे स्थित है। इस मंदिर में भगवान शिव के एक रूप पशुपति की पूजा की जाती है। मंदिर के गर्भगृह में भगवान शिव की लगभग 1 मीटर ऊंची चार मुंह वाली प्रतिमा स्थापित है। इस मंदिर को युनेस्को ने वर्ल्ड हेरिटेज साइट का दर्जा दिया है।
 

इसे भी पढ़ें: नवरात्रि में इन 7 प्रसिद्ध माँ दुर्गा के मंदिरों में करें दर्शन, हर मनोकामना होगी पूरी


प्रम्बानन मंदिर, इंडोनेशिया
इंडोनेशिया के जावा में स्थित प्रम्बनन मंदिर ना सिर्फ यहाँ का बल्कि साऊथ एशिया का सबसे बड़ा मंदिर है। इस मंदिर का निर्माण नौवीं शताब्दी में किया गया था। इस मंदिर में मुख्य रूप से त्रिदेव यानि भगवान शिव, भगवान विष्णु और भगवान ब्रह्मा की पूजा की जाती है। इस मंदिर को यूनेस्को ने वर्ल्ड हेरिटेज घोषित किया है।  विश्व धरोहर में शामिल है। 

अंगकोर वाट, कंबोडिया
यह मंदिर दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक स्मारकों में से एक है। भगवान विष्णु को समर्पित इस मंदिर का निर्माण लगभग 12वीं सदी में कम्बोडिया के खमेर राजा सूर्यवर्मणाम द्वितीय ने करवाया था। इस मंदिर को युनेस्को ने वर्ल्ड हेरिटेज साइट भी घोषित किया है।

कटास राज मंदिर, पाकिस्तान
कटास राज मंदिर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के चकवाल जिले में स्थित है। यह प्राचीन शिव मंदिर चकवाल गांव से लगभग चालीस किलोमीटर दूर कटास में एक पहाड़ी पर स्थित है। इस मंदिर का निर्माण छठी शताब्दी से नौवीं शताब्दी के बीच करवाया गया था। ऐसा माना जाता है कि यह मंदिर महाभारत काल से यहाँ पर है। इस मंदिर को लेकर पांडवों से जुड़ी कई कहानियां प्रसिद्ध हैं।

वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर, यूनाइटेड स्टेट्स
यूनाटेड स्टेट्स के जार्जिया में स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर दुनियाभर में बहुत प्रसिद्ध है। इस मंदिर का निमार्ण 1990 में करवाया गया था। यह मंदिर दक्षिण भारतीय कलाकृति से सजा हुआ है। यहाँ परिसर में भगवान वेंकेटेश्वर के साथ भगवान शिव का मंदिर है।