त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे का तोहफा, अगले महीने चलाई जाएंगी और नई ट्रेनें

अक्टूबर और नवंबर के महीने में कई बड़े त्योहार जैसे दिवाली, नवरात्रि, भाई दूज धूमधाम से मनाया जाता है।अमूमन त्योहारों के दौरान यात्रा करने वाले लोगों की संख्या बढ़ जाती है जो व्यक्ति रोजी रोटी के लिए घर से दूर रह कर अपना जीवन बसर करते हैं वैसे व्यक्ति त्योहारों की खुशी में अपने घर आना चाहते हैं। यही कारण है कि दिल्ली, मुंबई समेत अन्य महानगरों से गांव की तरफ आने वाले लोगों की संख्या बढ़ जाती है। कुल मिलाकर कहे तो यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या अधिक हो जाती है। ऐसे में यात्रा को सुगम और सरल बनाने के लिए ट्रेनों की आवश्यकता अधिक पड़ती है। कोरोना काल के दौरान ट्रेनों के परिचालन की संख्या कम कर दी गई है।

त्योहारों के लिए चलाई जाएंगी अन्य ट्रेनें

काम के सिलसिले में किसी अन्य राज्य में रहने वाले लोगों के लिए यह एक अच्छी और बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे कोरोनावायरस और त्योहारों को ध्यान में रखते हुए अगले महीने से चलाई जा रही ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी करने जा रहा है।मिली जानकारी के मुताबिक आगामी त्योहारों वाले महीनों में संभावित अधिक यात्रियों की संख्या देखते हुए भारतीय रेलवे व्यस्ततम रूटों पर लगभग 80 नई ट्रेनें चलाने की तैयारी में है।चलाई जाने वाली ट्रेनों में अधिकांश गैर वातानुकूलित श्रेणी की हो सकती हैं, क्योंकि त्योहारों के समय यात्रा करने वाले आम आदमी के लिए यह किफायती और सुविधाजनक है। रेलवे द्वारा यात्रियों की अधिक संख्या देखते हुए 12 सितंबर से 40 क्लोन ट्रेन चलाई जा रही है जिससे यात्रा करने में होने वाली परेशानी कुछ कम हो चुकी है। परंतु चलाई जा रही क्लोन ट्रेनें ज्यादातर वातानुकूलित श्रेणी की है। इस चीज को नजर में रखते हुए रेलवे आगामी त्योहारों वाले महीने में गैर वातानुकूलित श्रेणी की ट्रेनें चला सकती है।

त्योहारों का महीना,  यात्रियों की भीड़

कैलेंडर के अनुसार आगामी अक्टूबर और नवंबर का महीना प्यार खुशियों और पर्व का माना जाता है। इन महीनों में हिंदुओं के कई बड़े त्यौहार मनाए जाते हैं जिनमें दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली, छठ पूजा आदि है। इन महीनों में यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या अधिक हो जाती है क्योंकि रोजी रोटी के लिए घर से दूर किसी अन्य राज्य में रहने वाले लोग त्योहारों को अपने परिवार के साथ मनाने अपने घर वापस आते हैं। यात्रियों को घर आने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े इसी को मद्देनजर रेलवे अगले माह से 80 नई ट्रेन चलाने की तैयारियों में जुट गया है। यात्रा करने के लिए भारतीय रेलवे नई  SOP जारी कर सकता है, जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजिंग, मास्क और आरोग्य सेतु एप्प जैसे कोरोना बचाव उपाय बताए जाएंगे।मिली जानकारी के मुताबिक कयास यह लगाया जा रहा है कि चलने वाली ट्रेन ज्यादातर बिहार और बंगाल को जोड़ने वाली होंगी।

चलने वाली ट्रेनों की अतिरिक्त जानकारी

पश्चिम रेलवे 5 जोड़ी यानी 10 ट्रेनें बिहार (दरभंगा)- गुजरात (अहमदाबाद), दिल्ली - गुजरात,  बिहार (छपरा)से गुजरात (सूरत),  मुंबई - पंजाब,  गुजरात (अहमदाबाद)- बिहार (पटना) के बीच दौड़ेगी। 

दानापुर (बिहार) से सिकंदराबाद के बीच दक्षिण मध्य रेलवे दो ट्रेनों का संचालन करेगा, चलाई जा रही है ट्रेनें वापसी भी करेंगी। 3 जोड़ी यानी 6 ट्रेनों का संचालन दक्षिण पश्चिम रेलवे गोवा और दिल्ली,  कर्नाटक- बिहार और कर्नाटक- दिल्ली के बीच चलाएगी। 

5 जोड़ी यानी 10 ट्रेनों का संचालन दिल्ली और बिहार के बीच किया जाएगा इन ट्रेनों का संचालन उत्तर रेलवे के द्वारा किया जाएगा, साथ ही रेलवे के तरफ से ट्रेनें पश्चिम बंगाल से दिल्ली पंजाब से पश्चिम बंगाल उत्तर प्रदेश से दिल्ली तक चलाने का काम किया जाएगा। 

बिहार से दो ट्रेन कटिहार से दिल्ली के लिए चलेंगी साथ ही इन ट्रेनों की वापसी भी की जाएगी। 

बिहार के सहरसा, राजेंद्रनगर, राजगीर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर के लिए दिल्ली से 10 ट्रेनें चलाई जाएंगी, मुख्य रूप से इन ट्रेनों का आवागमन बिहार से दिल्ली, दिल्ली से बिहार होगा।