प्रकृति से है प्रेम तो ज़रूर जाएं कोलंबो, यहाँ की रातें ही नहीं दिन भी कर देते हैं मदहोश

यदि आपको प्रकृति से प्रेम है तो यकीन जानिए कि कोलंबो आपके लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल है। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो एक कॉस्मोपॉलिटन शहर होने के साथ ही एक खूबसूरत, हसीन और जवान शहर भी है। यहां के दिन भी उतने ही मदहोश कर देने वाले होते हैं जितनी कि रातें। अपनी परंपरा के साथ ही यह जगह क्यूजीन और शॉपिंग के लिए भी काफी मशहूर है। यहां की गगनचुंबी इमारतें भी पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।

डनकोटुवा श्रीलंका का सबसे प्रसिद्ध पोर्सिलन का एक्सपोर्ट बाजार है। कोलंबो तीन में स्थित गेल रोड पर आप जरूर जाएं। यहां वाजिब दामों में पोर्सिलन का सामान आदि मिलता है। पोर्सिलन का यही सामान दिल्ली में आपको तीन गुने दामों पर मिलेगा।

यदि आप कोलंबो की स्थानीय आर्ट एंड क्राफ्ट में रुचि रखते हैं तो गेल रोड कोलंबो 4 पर स्थित द बेअरफुट गैलरी में आप जरूर जाएं। यहां आपको चटकदार रंगों में प्राकृतिक फाइबर से हैंडलूम की गई कई वस्तुएं मिल सकती हैं। यहां कपड़ों से लेकर गलीचों, फर्नीचर, वॉल हैंगिंग्स के साथ ही टि्रंक्लेट्रस भी मिलेंगे। वहीं क्लासिक और समकालीन साहित्य का कलेक्शन भी आपको देखने को मिलेगा।

कोलंबो में थाई भोजन के लिए रेस्टोरेंट्स की कमी है। इनमें से कोलंबो 2 पर स्थित ट्रांस एशिया होटल में रॉयल थाई रेस्टोरेंट काफी मशहूर है। अगर स्टीक और ग्रिल्ड भोजन करना है तो ताज समुद्रा से बेहतर दूसरा विकल्प नहीं है।

यहां आपको सी फूड की बेहतरनी वैरायटी खाने को मिलेगी। वहीं कोलंबो 4 में स्थित लिबर्टी प्लाजा के पास ही पियर 56 सी फूड के लिए खास रेस्टोरेंट है। सीलोन कॉन्टिनेंटल पर बना तंदूर रेस्टोरेंट पूरी तरह से गुलाबी आभा में रंगा है। यहां परम्परागत भारतीय क्यूजीन का आनंद उठाया जा सकता है। इसके साथ ही शास्त्रीय संगीत और लाइव बैंड अलग ही समां बांधते हैं।

अगर आप नॉर्थ इंडियन भोजन के शौकीन हैं तो तंदूर से बेहतर कोई जगह नहीं। यहां नार्थ इंडियन भोजन में चिकन, मटन आदि की महक आपकी भूख को जगा देगी। हिलटन कोलंबो में स्थित स्पून्स का अंदाज हर तरफ देखते ही बनता है। हल्की व समकालीन कुकिंग पर जोर देते हुए इस होटल ने अपनी अलग पहचान बनाई है।

शाम के समय माउंट लावीनिया होटल का आनंद उठाए बिना आपका सफर अधूरा ही माना जाएगा। वहीं गवर्नर रेस्टोरेंट की खूबसूरती भी देखने लायक है। यहां के बुफे सिस्टम में परंपरागत श्रीलंकन भोजन के साथ ही मंगोलियन भोजन का समावेश भी मिलेगा।

श्रीलंकन टूरिज्म रियायती दरों पर टूर आयोजित करते हैं। इसमें पासपोर्ट से लेकर वीजा तक बनवाने की सारी जिम्मेदारी उन पर होती है। लेकिन बेहतर होगा कि अपना पासपोर्ट तैयार रखें। अगर आप पैकेज टूर से नहीं जा रहे हों तो श्रीलंकन एंबेसी से वीजा बनवाएं।

दिल्ली से सभी प्रमुख उड़ानें कोलंबो जाती हैं। आप चाहें तो चेन्नई तक ट्रेन से और वहां से फ्लाइट लेकर जा सकते हैं। भारतीय रुपए की कीमत श्रीलंका में अधिक है, इसलिए यहां सभी वस्तुएं मिला कर ब्रांडेड सामान भारत से आधे दामों पर खरीदा जा सकता है।