छुट्टियों में अपनी फैमिली के साथ प्लान करें यादगार ट्रिप, अक्टूबर में घूमने के लिए ये 5 जगहें है बेस्ट

अक्टूबर महीना घूमने के लिए बेस्ट माना जाता है क्योंकि इस महीने में त्यौहारों की वजह से कई छुट्टियां मिल जाती हैं। इसके साथ ही अक्टूबर में मौसम भी घूमने के बहुत अच्छा होता है। इस समय ना ज्यादा गर्मी होती है और ना ज्यादा सर्दी। अगर आप भी बहुत समय से घूमने का प्लान बना रहे हैं लेकिन किसी ने किसी वजह से आपका प्लान कैंसिल हो रहा है तो बस अब इस महीने ज्यादा सोचिए मत। आज के इस लेख में हम आपको अक्टूबर के महीने में घूमने के लिए बेस्ट जगहों की जानकारी देने जा रहे हैं। अगर आप भी अपनी फैमली या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं तो इन जगहों पर जा सकते हैं - 

मैसूर 
आप अक्टूबर के महीने में मैसूर जाने का प्लान भी बना सकते हैं। दक्षिण भारत के कर्नाटक राज्य में स्थित मैसूर शहर अपने प्राचीन इतिहास और इमारतों के लिए जाना जाता है। आप यहां बहुत से प्राचीन किले-महल और मकबरे हैं। यहाँ पर मैसूर पैलेस, श्रीरंगपट्टनम, मैसूर ज़ू, रेलवे म्यूजियम और महाराजा महल आदि बहुत से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं। इसके साथ ही अक्टूबर महीने में मैसूर में भव्य दशहरा समारोह का आयोजन भी किया जाता है। यही कारण है कि अक्टूबर महीने में बड़ी संख्या में पर्यटक मैसूर घूमने आते हैं। 
 

इसे भी पढ़ें: प्रकृति की गोद में स्थित यह 5 खूबसूरत स्थान, मानसून के समय घूमने का अनोखा अनुभव प्रदान करते हैं


जोधपुर 
आप अक्टूबर के महीने में जोधपुर घूमने का प्लान बना सकते हैं। जोधपुर अपने प्राचीन इतिहास, राजपुताना जीवनशैली, प्राचीन महल-किले और राजस्थानी संस्कृति के लिए देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में प्रसिद्ध है। जोधपुर घूमने के लिए अक्टूबर-नवंबर महीने सबसे अच्छे माने जाते हैं क्योंकि इस समय ना तो ज्यादा गर्मी होती है और ना ज्यादा सर्दी। अक्टूबर महीने के सुहाने मौसम में आप जोधपुर में डेज़र्ट सफारी, किलों की सैर और यहां के तीखे-चटपटे पकवानों का लुत्फ उठा सकते हैं। इसके साथ ही अक्टूबर में यहाँ राजस्थान इंटरनेशनल फोक फेस्टिवल का आयोजन भी किया जाता है जिसमें दुनियाभर से लोग शामिल होने आते हैं। 

वर्कला बीच
अक्टूबर महीने में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो वर्कला बीच जा सकते हैं। दक्षिणी केरल में स्थित वर्कला बीच पर्यटकों के बीच बहुत लोकप्रिय है। वर्कला बीच पर आप सनबाथिंग और स्विमिंग का मजा ले सकते हैं। इसके अलावा यह बीच वाटर स्पोर्ट्स और स्पा के लिए भी बहुत फेमस है। इस बीच पर लोग सूर्यास्त  प्रकृति की सुंदरता का आनंद लेते हैं। 

बीर बिलिंग  
अक्टूबर महीने में आप बीर बिलिंग में प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठा सकते हैं। यह जगह हिमाचल प्रदेश के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक है। प्रकति प्रेमियों और एडवेंचर के शौक़ीन लोगों के बीच बीर बिलिंग बहुत लोकप्रिय है। यहाँ पर आप पैराग्लाइडिंग, ट्रेक्किंग, कैंपिंग, नेचर वॉक और हैंडग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। 
 

इसे भी पढ़ें: मिनी इजरायल के नाम से मशहूर हिमाचल प्रदेश का यह गांव, एडवेंचर के शौकीन लोगों के लिए बेहद खास है


पचमढ़ी
आप अपनी फैमली और दोस्तों के साथ पचमढ़ी घूमने का प्लान भी बना सकते हैं। पचमढ़ी मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले में स्थित है। यह मध्य प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन है जिसे सतपुड़ा की रानी के नाम से भी जाना जाता है। यह हिल स्टेशन 1100 मीटर की ऊंचाई पर बसा है। यह हिल स्टेशन अपनी हरी-भरी वनस्पतियों, प्राचीन गुफाओं और जलप्रपातों के लिए जाना जाता है।