ये हैं वो पांच शहर जहां धूमधाम से मनाई जाती है ईद, जानिए क्या होता है खास?

संपूर्ण देश में लॉक डाउन होने के कारण पाक महीने रमज़ान के बाद मनाया जाने वाले पर्व ईद में सड़कों पर चहलकदमी कम दिखी। परंतु हर वर्ष ईद बड़े ही धूम धाम से मनाई जाती है। खुशियों से भरा आपसी भाई चारे के बुनियाद पर टिका त्योहार ईद मेल-मिलाप और आपसी सौहार्द के नाम से जाना जाता है।
 
पाक त्यौहार ईद मुसलमानों का सबसे बड़ा त्यौहार है। यह रमजान का पाक महीना खत्म होने के बाद आता है। इस त्यौहार में कड़वाहट को दूर भगा के  मिठास फैलाने के लिए सब आपस में गले मिलते हैं और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। मुसलमान भाई इस दिन मीठी सेवाइयां खिलाकर गले मिलते हैं। ईद मनाने की चहल कदमी पूरे विश्व में देखी जाती है। भारत में भी ईद बड़े स्तर पर मनाया जाता है। भारत के कई ऐसे रोचक जगहें हैं, जहां ईद मनाने का जोश देखने लायक होता है। इन जगहों का रोमांच और आपसी मेल-मिलाप देख के लोगों का दिल गदगद हो जाता है।
 
आइए जानते हैं कुछ ऐसी ही जगहों के बारे में

दिल्ली 

देश की राजधानी दिल्ली में ईद का त्यौहार अपने अलग आकर्षक अंदाज में दिखाई देता है। यहां मुसलमान धर्म को मानने वाले लोगों की संख्या भी अधिक है। ईद का त्यौहार संपूर्ण दिल्ली में बड़े ही धूम धाम से मनाया जाता है। पुरानी दिल्ली में स्थित जामा मस्जिद देश के सबसे प्रसिद्ध मस्जिदों में से एक है। ईद के दिन यहां गज़ब की भीड़ लगती है। यहां लोग नमाज पढ़ने के बाद एक दूसरे को गले लगा के ईद की मुबारकबाद देते हैं। सिर्फ ईद के दिन ही नहीं बल्कि रमजान के पाक महीने में जामा मस्जिद के आसपास की गलियां लोगों से भरी रहती हैं। ईद के दिन लोग शॉपिंग के लिए और खाने पीने के वस्तुओं लिए पुरानी दिल्ली का रुख करते है। यहां शाकाहारी मीठी सेवइयों के साथ-साथ चिकन, मटन के स्वाद के खुशबुओं से पूरी दिल्ली महकती रहती है।

मुंबई 

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई व्यस्तता और संकीर्ण गलियों से भारी हुई है। ईद के दिन उत्साह और उल्लास हर गलियरे में देखने को मिल जाता है। मुम्बई के प्रसिद्ध आज़ाद मैदान में लोग एकत्र होकर नमाज़ अदा करते है। ईद के दिन यहां भारी भीड़ देखने को मिलती है। यहां ईद और रमजान के मौके पर शहर के मस्जिदों को अच्छी तरह सजाया जाता है, सजाई गई मस्जिदों का स्वरूप लोगों को आकर्षित करता है। खाने पीने के शौकीन लोग यहां गली में डेरा जमा कर रहते हैं। इबादत करने वाले लोग हाजी अली दरगाह जाते हैं।

श्री नगर 

जम्मू कश्मीर में ईद का त्योहार बड़े हर्ष उल्लास के साथ मनाया जाता है। इसका आकर्षण बड़े पैमाने पर श्रीनगर में देखने को मिलता है। ईद के दिन सबसे बड़ी भीड़ यहां के प्रसिद्ध हजरत बल में देखने को मिलती है। यहां लोग भारी संख्या में एकत्र होते हैं। इस दिन चहल कदमी की खास रौनकता देखने को मिलती है। नमाज पढ़ने के बाद लोग यहां एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद देते हैं। सबसे बड़ी बात तो ये है कि यहाँ दूर दराज से आए सैलानियों, पर्यटकों को भी स्थानीय लोग ईद के उल्लास में शामिल करते हैं। श्रीनगर में प्रसिद्ध लाल चौक, रीगल चौक और गोनी मार्केट ईद ही नहीं बल्कि पूरे रमजान के महीने के दौरान व्यस्त रहता है। हजरत महल के अलावा यहां लोग ऐतिहासिक स्थल ईदगाह पर जमा होकर उसे भी आकर्षक बनाते हैं, ईदगाह में भी ईद के दिन नमाज अदा की जाती है।

लखनऊ 

नवाबों के शहर लखनऊ में मुस्लिम आबादी अधिक संख्या में है। यहां हिंदुओं का प्रसिद्ध त्यौहार होली, दिवाली के तरह ईद भी अपने रंग में बेहद ही खास तरीके से मनाया जाता है। ईद के दिन लखनऊ का मुख्य आकर्षण यहां का सबसे बड़ा मैदान ऐशबाग ईदगाह और आसिफी मस्जिद है। यहां लोग भारी संख्या में जमा होकर नमाज अदा करते हैं। ईद की खास नजाकत और उल्लास देखकर बाहर से आए पर्यटकों के भी पाँव एक बार के लिए थम जाते है। उनका भी दिल इस आकर्षक पल को छोड़कर जाने को नहीं मानता।

हैदराबाद 

निजामों के शहर हैदराबाद ईद के दिन हर्ष, उल्लास से समूचा भर जाता है। हैरत की बात यह है कि हैदराबाद हलीम के स्वाद के लिए दुनिया भर में मशहूर है जो सिर्फ रमजान के पाक महीने के दौरान ही बनाई जाती है। हैदराबाद का मुख्य आकर्षण स्थल चार मीनार में लोग भारी संख्या में नमाज़ अदा करते हैं और ईद की मुबारक़बाद देते हैं। रमजान के पाक महीने और ईद के मौके पर चार मीनार तक जाने वाली हर सड़कें शॉपिंग करने वाले लोगों के भीड़ से भरी रहती है। मक्का मस्जिद में भी ईद के दिन लोगों की भारी भीड़ जमा होती है। मक्का मस्जिद चार मीनार से कुछ ही दूर पर स्थित है। ईद के दिन भारी भीड़ होने के कारण सिकंदराबाद और गोलकुंडा ईदगाह में भी बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करते हैं।