उत्तराखंड घूमने जाएं तो इन जगहों को देखना ना भूलें

"देव भूमि" के नाम से प्रसिद्ध उत्तराखंड अपनी खूबसूरती, शांत वातावरण और मनमोहक दृश्यों के लिए जाना जाता है। इस जगह को उत्तर भारत में स्थित एक बेहद ही खूबसूरत और शांत पर्यटन केंद्र भी माना जाता है। पृथ्वी का स्वर्ग कहलाए जाने वाले उत्तराखंड की झील-झरने, हिमालय, मनोरम वादियों और तालों का दृश्य को देखा जा सकता है। आज के इस लेख में हम आपको उत्तराखंड के कई ऐसी खूबसूरत जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनके बिना उत्तराखंड की यात्रा अधूरी है। अगर आप भी उत्तराखंड घूमने का प्लानबना रहे हैं तो इन जगहों पर जाना ना भूलें - 

रानीखेत 
उत्तराखंड की कुमाऊं पहाड़ियों की गोद में बसा, रानीखेत एक सदाबहार हिल स्टेशन है। ब्रिटिश शासन के दौरान, यह शिमला से पहले ब्रिटिशों के लिए ग्रीष्मकालीन राजधानी थी। रानीखेत को 'पहाड़ों की रानी' भी कहा जाता है। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता और मनमोहक दृश्य पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। रानीखेत में कई प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं जिसमें हिमालयी पहाड़ियाँ, हरे-भरे जंगल, ट्रैकिंग रेंज, पर्वतीय चढ़ाई, गोल्फ कोर्स, बाग और मंदिर शामिल हैं। अगर आप शहरी जीवन की भागदौड़ से दूर कुछ वक्त प्रकृति के करीब बिताना चाहते हैं तो एक बार रानीखेत जरूर जाएं। 

नैनीताल 
उत्तराखंड में नैनीताल एक आकर्षक हिल स्टेशन है जो हिमालय में कुमाऊं पर्वतमाला की हरी-भरी तलहटी में खूबसूरती से बसा है। लगभग 1938 मीटर की ऊंचाई पर स्थित, नैनीताल सुंदर नैनी झील के चारों ओर स्थित और विकसित है, जिसके नाम पर इस शहर का नाम रखा गया है। नैनीताल, उत्तर भारत में सबसे अधिक देखा जाने वाला हिल स्टेशन है। यह राजधानी दिल्ली और आसपास के स्थानों से एक आदर्श वीकेंड गेटवे है।

ऋषिकेश
ऋषिकेश, भारत के उत्तराखंड प्रदेश के देहरादून जिले में स्थित है। ऋषिकेश एक बेहद ही प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। ऋषिकेश में हिमालय की चोटियाँ बहुत ही खूबसूरत नज़र आती है साथ ही इसे देवभूमि का प्रवेश द्वार भी कहते हैं। ऋषिकेश ‘योग कैपिटल ऑफ़ द वर्ल्ड’ के रूप में जाना जाता है। ऋषिकेश तीन जिलों से घिरा हुआ है टेहरी गढ़वाल, पौरी गढ़वाल और हरिद्वार। हरिद्वार से 25 किमी दूर ऋषिकेश है। प्राचीन समय में ऋषियों और मुनियों ने यहां पर ध्यान, योग और प्रार्थना किया था जिसकी वजह से इस जगह को पवित्र माना जाता है। 

धनौल्टी
धनौल्टी, उत्तराखंड के गढ़वाल जिले में समुद्र तल से 2286 मीटर की ऊंचाई पर स्थित एक सुरम्य हिल स्टेशन है। चंबा से मसूरी के रास्ते में स्थित यह स्थान अपने शांत और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। यह शहर पर्यटकों के बीच मुख्य रूप से मसूरी से निकटता के कारण लोकप्रिय है, जो कि सिर्फ 24 किमी दूर है। यात्री इस जगह से दून घाटी के मनमोहक दृश्यों का आनंद ले सकते हैं।

औली
उत्‍तराखंड का सबसे पुराना शहर औली भी बेहद सुंदर है। बर्फबारी के समय यह किसी स्वपनलोक सा दिखता है। औली भी अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ स्कीइंग के लिए मशहूर है। यहां देवदार पेड़ों की लंबी कतार है। बर्फ से ढके जंगलों के बीच सैर करके आप अपनी यात्रा को यादगार बना सकते हैं।

लैंसडाउन
पौड़ी गढ़वाल जिले का सबसे खूबसूरत पहाड़ी स्थान लैंसडाउन है। यहां का मौसम सालभर सुहावना रहता है और चारों ओर सिर्फ और सिर्फ हरियाली है। ये छावनी शहर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। यहां आप बहुत कुछ देख सकते हैं। यहां पर बर्फीली चोटी, मनोरम दृश्य और उगते हुए सूरज का नजारा काफी अच्छा होता है।