इस बार छुट्टियों में बनाएँ अगरतला घूमने का प्लान, यहाँ है बहुत से प्राचीन मंदिर और महल

त्रिपुरा की राजधानी अगरतला पूर्वोत्तर भारत के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों में से एक है। यह शहर अपने प्राचीन इतिहास, मंदिरों और स्मारकों के लिए जाना जाता है।  प्रकृति प्रेमियों के बीच यह जगह बहुत लोकप्रिय है। इस शहर की सुंदरता यहाँ आने वाले पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। अगरतला में बहुत से प्राचीन मंदिर, महल व अन्य पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जिन्हें घूमने लोग देश-विदेश से यहाँ आते हैं।  आज के इस लेख में हम आपको अगरतला के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में बताने जा रहे हैं - 

जगन्नाथ मंदिर 
जगन्नाथ मंदिर अगरतला के प्रमुख दर्शनीय स्थानों में से एक है। यह मंदिर उज्जयंत पैलेस के पास ही बना हुआ है। धार्मिक दृष्टि से यह मंदिर बहुत ख़ास है और इस मंदिर के प्रति लोगों में बहुत आस्था है। इस मंदिर का निर्माण 19वीं शताब्दी में माणिक्य राजवंश राजाओं ने करवाया था।  यह  मंदिर आज भी वैसा ही है कैसे वर्षों पहले था।  यह मंदिर मुख्य रूप से बलभद्र, सुभद्रा और जगन्नाथ को समर्पित है। 

नीरमहल
नीरमहल, अगरतला मुख्य शहर से 53 किमी दूर स्थित है।  इस खूबसूतर महल का निर्माण महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य द्वारा करवाया गया था। इस महल को 'द लेक पैलेस ऑफ त्रिपुरा' और 'जल महल' के नाम से भी जाना जाता है। यह महल रुद्रसागर झील के बीच स्थित है जिसकी वजह से इसे तैरता हुआ महल भी कहा जाता है।  कहा जाता है कि इस महल का निर्माण महाराजा ने गर्मियों के ठहरने के लिए करवाया था। इस महल के निर्माण में इस्लामिक और हिंदू वास्तुशिल्प का मिला-जुला रूप देखने को मिलता है।  
 

इसे भी पढ़ें: वेनिस के नाम से जाना जाता है केरल का यह शहर, यहाँ की खूबसूरती आपका मन मोह लेगी


सुंदरी मंदिर 
अगरतला में स्थित यह प्राचीन मंदिर बेहद खास है। यह मंदिर माँ भगवती के 51 शक्तिपीठों में से एक है।  ऐसा कहा जाता है कि इस स्थान पर सती के दाहिने पैर का अंगूठा गिरा था।  धार्मिक दृष्टि से इस मंदिर का बहुत महत्व है और यह आस्था का प्रमुख केंद्र है। यह मंदिर अगरतला से 50 किमी दूर उदयपुर में स्थित है। ऐसा कहा जाता है कि इस मंदिर का निर्माण 500 साल से भी पहले हुआ था।  इस मंदिर के निर्माण में बंगाली वास्तुकला देखने को मिलती है। इस मंदिर की पूर्वी दिशा में कल्याण सागर झील स्थित है।

उज्जयंता पैलेस 
अगरतला में स्थित उज्जयंता पैलेस एक बेहद खूबसूरत पैलेस है, जिसका निर्माण महाराजा राधा किशोर माणिक्य ने करवाया था। कई वर्षों पहले यह एक शाही महल था और बाद में राज्य विधानसभा के रूप में भी इसका उपयोग किया गया। इसके अलावा यह महल राज्य संग्रहालय के रूप में भी जाना जाता है। सुन्दर झील और हरे-भरे बागों के बीच स्थित यह महल पूर्वोत्तर भारत का सबसे बड़ा म्यूजियम है। उज्जयंता पैलेस के आसपास कई हिंदू देवी-देवताओं के मंदिर हैं। आप इस महल में दरबार हॉल, पुस्तकालय, सिंहासन कक्ष जैसे कई जगहों पर घूम सकते हैं। 

जंपुई हिल्स
त्रिपुत्रा में स्थित जंपुई हिल्स यहाँ आने वाले पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है।  जंपुई हिल्स के बीच लगभग दस गांव हैं जहां से सैलानी पर्वतीय घाटियों की सुंदरता का आनंद ले सकते हियँ।  ये पहाड़ियां संतरों के खेती के लिए काफी मशहूर हैं।  यहां हर साल ऑरेंज फेस्टिवल मनाया जाता है जिसमें यहां आने वाले पर्यटक भी हिस्सा लेते हैं। 

सिपाहिजोला वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी 
सिपाहिजोला वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी, अगरतला शहर से लगभग 25 किमी दूर स्थित है। यहाँ आपको विभिन्न पक्षी, जानवर और वनस्पतियों की प्रजातियाँ देखने को मिलती हैं।  यहां आपको केकड़े खाने वाले नेवले को भी देखने को मिल सकते हैं। यह वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी क्लाउड तेंदुए के लिए भी जानी जाती  है।